डीएम कार्यालय घेराव से पहले रोके गए पीपल्स यूथ फ्रंट के कार्यकर्ता, पैदल मार्च कर हरिद्वार की ओर बढ़े
डीएम कार्यालय घेराव से पहले रोके गए पीपल्स यूथ फ्रंट के कार्यकर्ता, पैदल मार्च कर हरिद्वार की ओर बढ़े
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में रुड़की में रोका गया काफिला, मजदूर-किसानों की आवाज दबाने का लगाया आरोप
हरिद्वार/रुड़की। मजदूरों और किसानों के मुद्दों को लेकर प्रस्तावित डीएम कार्यालय घेराव के लिए जा रहे पीपल्स यूथ फ्रंट के कार्यकर्ताओं और उनके वाहनों को पुलिस प्रशासन द्वारा रास्ते में रोक दिया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड प्रशासन मजदूर-किसानों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रहा है और आंदोलन को हरिद्वार तक पहुंचने से रोकना चाहता है।

संगठन के अनुसार, वाहनों को रोके जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च करते हुए हरिद्वार की ओर कूच शुरू किया। इस दौरान रुड़की के एसडीएम के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ काफिले को रोक दिया गया। इसके बावजूद कुछ कार्यकर्ता हरिद्वार पहुंचने में सफल रहे।
पीपल्स यूथ फ्रंट के पदाधिकारियों ने बताया कि हरिद्वार और रुड़की दोनों स्थानों पर साथियों के माध्यम से प्रचार-प्रसार एवं विज्ञापन के जरिए प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम को संपन्न किया गया।
संगठन ने कहा कि मजदूरों और किसानों के अधिकारों तथा जनहित के मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद की जाती रहेगी।
इस दौरान कपिल कुमार छावरा, ललित कुमार, गोविंद सिंह गांधीयान, अंकुल मूलनिवासी, सौराज नौटियाल, गौरव धीमान, सोमपाल सैनी, संजय सिद्धार्थ, सुमित किंग असनवदय, अरविंद कुमार राव, सुधीर कुमार लकी सहित पीपल्स यूथ फ्रंट के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

