फिट इंडिया मूवमेंट: सिंगरौली में ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली का भव्य आयोजन, पर्यावरण और सेहत का दिया संदेश
फिट इंडिया मूवमेंट: सिंगरौली में ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली का भव्य आयोजन, पर्यावरण और सेहत का दिया संदेश
सिंगरौली, 07 जून 2026। फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को जिला मुख्यालय में ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली का भव्य आयोजन किया गया। शिक्षा विभाग एवं स्वच्छ भारत मिशन के सहयोग तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जगदीश गोमे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

साइकिल रैली का शुभारंभ चून कुमारी स्टेडियम से हुआ, जो सेंट जोसेफ कॉन्वेंट मार्ग से होते हुए पुनः स्टेडियम परिसर में संपन्न हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पांडे ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि साइकिलिंग स्वस्थ जीवनशैली का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम और शारीरिक श्रम से ही स्वस्थ जीवन संभव है तथा साइकिल का उपयोग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश गोमे ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि दैनिक जीवन के छोटे-छोटे कार्यों के लिए साइकिल का अधिकाधिक उपयोग किया जाए, जिससे स्वास्थ्य के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एस.बी. सिंह, डीपीसी आर.एल. शुक्ला, सहायक आयुक्त जनजातीय विभाग मिथिलेश इवने, सीएमएचओ डॉ. पुष्पराज सिंह, डीडीए एग्रीकल्चर अजीत सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद डामोर, सीईओ जनपद बैढ़न, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक राजकुमार विश्वकर्मा, नगर निगम उप आयुक्त आर.पी. बैस, रक्षा सिंह सहित योगा फाउंडेशन सिंगरौली के सदस्य, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।