दीपेंद्र की कलमदेश प्रदेशबड़ी न्यूज़मध्य प्रदेशमुद्दे की बात नंदकिशोर के साथसिंगरौली

सिंगरौली कोर्ट परिसर में स्टाम्प की कालाबाजारी का आरोप, अधिवक्ता ने कलेक्टर से की सख्त कार्रवाई की मांग

अपना विचार समाचार

सिंगरौली। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर बैढ़न में स्टाम्प की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया है। अधिवक्ता अनु पटेल ने कलेक्टर एवं जिला पंजीयक को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि न्यायालय परिसर में संचालित एक स्टाम्प विक्रेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलकर स्टाम्प बेचे जा रहे हैं।

शिकायत में संबंधित स्टाम्प विक्रेता का लाइसेंस निरस्त करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार, 100 रुपए का स्टाम्प 150 से 200 रुपए तथा 50 रुपए का स्टाम्प 70 से 100 रुपए तक बेचा जा रहा है। आरोप है कि यदि कोई उपभोक्ता निर्धारित मूल्य से अधिक राशि देने से इनकार करता है तो उसे “स्टाम्प उपलब्ध नहीं है” कहकर लौटा दिया जाता है।

अधिवक्ता ने अपने आवेदन में एक उदाहरण भी प्रस्तुत किया है। शिकायत के मुताबिक, 8 शपथ पत्र तैयार करने के लिए 100 रुपए मूल्य के 16 स्टाम्पों के बदले 2,400 रुपए वसूले गए, जबकि वास्तविक कीमत 1,600 रुपए थी। यानी 800 रुपए अतिरिक्त वसूले जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में इस भुगतान का UTR नंबर और भुगतान तिथि (13 जून 2026) का भी उल्लेख किया गया है।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि न्यायालय परिसर में कई स्टाम्प विक्रेता अपने प्रतिष्ठान पर स्टाम्प मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं कर रहे हैं, जो नियमों का उल्लंघन है। इसलिए प्रशासन को नियमित जांच अभियान चलाकर स्टाम्प की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने की मांग की गई है।

अधिवक्ता ने कलेक्टर और जिला पंजीयक से मांग की है कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित स्टाम्प विक्रेता के विरुद्ध स्टाम्प नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई करते हुए लाइसेंस निरस्त किया जाए, ताकि आम नागरिकों और न्यायालय आने वाले लोगों को निर्धारित मूल्य पर स्टाम्प उपलब्ध हो सकें।

Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button