ढोल-नगाड़ों की गूंज और फूलों की वर्षा के बीच अन्नू पटेल का भव्य स्वागत
जिला अधिवक्ता संघ वैढ़न में राज्य अधिवक्ता परिषद की नव निर्वाचित सदस्य का हुआ जोरदार अभिनंदन

ढोल-नगाड़ों की गूंज और फूलों की वर्षा के बीच अन्नू पटेल का भव्य स्वागत
जिला अधिवक्ता संघ वैढ़न में राज्य अधिवक्ता परिषद की नव निर्वाचित सदस्य का हुआ जोरदार अभिनंदन
अपना विचार वैढ़न, सिंगरौली। जिला अधिवक्ता संघ वैढ़न में राज्य अधिवक्ता परिषद, जबलपुर, मध्य प्रदेश की नव निर्वाचित सदस्य सुश्री अन्नू पटेल के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
सुश्री अन्नू पटेल के पहुंचते ही ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा परिसर उत्साह से भर उठा। अधिवक्ताओं ने फूलों की वर्षा कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया। इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ एवं मालाएं भेंट कर निर्वाचन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
अधिवक्ता हितों की मजबूती से पैरवी की उम्मीद
समारोह में उपस्थित अधिवक्ताओं ने कहा कि राज्य अधिवक्ता परिषद में सिंगरौली जिले का प्रतिनिधित्व होने से जिले के अधिवक्ताओं की समस्याओं एवं हितों को परिषद के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने का अवसर मिलेगा। अधिवक्ताओं ने सुश्री अन्नू पटेल से अधिवक्ता कल्याण, सम्मान एवं व्यावसायिक हितों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता से उठाने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय, अधिवक्ताओं की सुविधाओं तथा न्यायिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।
“अधिवक्ताओं के हितों के लिए हरसंभव प्रयास करूंगी”
स्वागत से अभिभूत सुश्री अन्नू पटेल ने जिला अधिवक्ता संघ वैढ़न के सभी पदाधिकारियों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं अधिवक्ता साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं ने जिस विश्वास के साथ उन्हें राज्य अधिवक्ता परिषद में प्रतिनिधित्व का अवसर दिया है, उस विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। अधिवक्ताओं के हित, सम्मान एवं कल्याण से जुड़े मुद्दों को परिषद के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने का प्रयास रहेगा।
समारोह में रहा उत्साहपूर्ण माहौल
स्वागत समारोह के दौरान अधिवक्ताओं की मौजूदगी और उत्साह देखते ही बन रहा था। ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत एवं फूलों की वर्षा ने समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में जिला अधिवक्ता संघ वैढ़न के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।



