स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न, गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत एएनसी पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश
सिंगरौली में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न, टीकाकरण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर विशेष फोकस
कलेक्टर गौरव बैनल सख्त, स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
सिंगरौली, 6 जून 2026। कलेक्टर श्री गौरव बैनल की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), आयुष्मान भारत योजना, टीबी नियंत्रण, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम तथा संक्रामक रोगों की रोकथाम संबंधी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्री बैनल ने गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत एएनसी (एंटीनेटल केयर) पंजीयन एवं नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी गर्भवती महिला स्वास्थ्य परीक्षण से वंचित न रहे। इसके लिए बीएमओ को सेक्टरवार सूची तैयार कर एएनसी पंजीयन से छूटी महिलाओं को चिन्हित करने तथा जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उनका पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मध्यम एवं गंभीर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप जांच कर ऐसे प्रकरणों की पहचान तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयरन सुक्रोज सहित आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एएनसी पंजीयन एवं एनीमिया प्रकरणों की ब्लॉक स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में शत-प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी बनाए रखने तथा भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य की प्रतिदिन समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर के प्रत्येक प्रकरण का विश्लेषण कर समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय करने पर जोर दिया।
एम्बुलेंस सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जाए। सेवा प्रदाय में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्धारित सत्रों के अनुसार शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा 8 से 18 जून तक चलने वाले विशेष कैच-अप अभियान के दौरान टीकाकरण से वंचित बच्चों का पूर्ण टीकाकरण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के नियमित संचालन, पर्याप्त स्टाफ की उपलब्धता तथा प्रसव केंद्रों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए अग्रिम तैयारियां सुनिश्चित करने तथा किसी भी रोग प्रकोप की सूचना मिलने पर तत्काल नियंत्रणात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा के दौरान उन्होंने टीबी मरीजों को उपचार अवधि में निर्धारित पोषण आहार एवं फूड पैकेट समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष अभियान चलाकर बच्चों की स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक कलेक्टर सुश्री सौम्या मिश्रा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि, डीपीएम श्री सुधांशु मिश्रा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. पंकज सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. नागेन्द्र सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।