मोरवा में कार के अंदर मिला 29 वर्षीय युवक का शव, हत्या या रहस्यमयी मौत? हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस

मोरवा में कार के अंदर मिला 29 वर्षीय युवक का शव, हत्या या रहस्यमयी मौत? हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
अपना विचार समाचार
सिंगरौली। मोरवा थाना क्षेत्र के अय्यप्पा मंदिर के समीप शुक्रवार सुबह एक कार के भीतर 29 वर्षीय युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सत्य प्रकाश गुप्ता उर्फ लड्डू (29 वर्ष) निवासी आदर्श गंगा, वार्ड क्रमांक-09, मोरवा के रूप में हुई है। युवक का शव अय्यप्पा मंदिर के पास खड़ी मारुति एस-प्रेसो कार के अंदर मिला। स्थानीय लोगों ने सुबह कार में युवक को अचेत अवस्था में देखा और आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों को सूचना दी।

परिजन युवक को तत्काल एनसीएल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ जुट गई।
परिजनों के मुताबिक गुरुवार रात करीब 10:45 बजे सत्य प्रकाश से उनकी अंतिम बार मोबाइल पर बातचीत हुई थी। उसने कुछ देर से घर लौटने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका। शुक्रवार सुबह कार में अचेत अवस्था में मिलने की सूचना के बाद परिवार मौके पर पहुंचा। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और कार के अंदर व आसपास से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बैढ़न भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
सूत्रों के अनुसार पूछताछ के लिए एक महिला को हिरासत में लेकर उससे जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि पुलिस ने किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।
मोरवा थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की हर एंगल से गंभीरता के साथ जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपना विचार समाचार
रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई किसी भी मौत का सच केवल वैज्ञानिक जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और ठोस साक्ष्यों से ही सामने आता है। ऐसे मामलों में अफवाहें और अपुष्ट दावे जांच को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए आवश्यक है कि निष्पक्ष जांच पूरी होने तक तथ्यों का इंतजार किया जाए और दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।



