बड़ी न्यूज़मध्य प्रदेशमुद्दे की बात नंदकिशोर के साथ

डिक्की मध्यप्रदेश ने तैयार किया उद्यमिता विस्तार का नया रोडमैप

डिक्की मध्यप्रदेश ने तैयार किया उद्यमिता विस्तार का नया रोडमैप

भोपाल। डिक्की (DICCI) मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित उद्यमिता विस्तार कार्यशाला-2026 में प्रदेशभर के जिला एवं संभागीय समन्वयकों, पदाधिकारियों एवं उद्यमियों ने सहभागिता करते हुए उद्यमिता के विस्तार हेतु महत्वपूर्ण निर्णय लिए। कार्यशाला में सिंगरौली जिले का प्रतिनिधित्व डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर इंजी. विद्याभूषण ने किया।

कार्यशाला में निर्णय लिया गया कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में “जिला उद्यमिता कोर टीम” का गठन किया जाएगा, जो नए उद्यमियों की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगी। साथ ही “एक जिला-एक उत्पाद (ODOP)” योजना के अंतर्गत स्थानीय उत्पादों एवं उद्योगों को बढ़ावा देने की रणनीति तैयार की जाएगी।

बैठक में सामूहिक सुविधा केंद्र (CFC), क्लस्टर आधारित उद्यमिता, शासकीय खरीद, वेंडर डेवलपमेंट, निर्यात संवर्धन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ जिलों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा युवाओं, महिलाओं एवं सामाजिक रूप से वंचित वर्गों को उद्यमिता से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

डिक्की मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ उपाध्यक्ष डॉ. पंकज पाटिल ने किया। उन्होंने कहा कि डिक्की केवल एक उद्योग संगठन नहीं, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन का सशक्त आंदोलन है, जो नए उद्यमियों के निर्माण और आर्थिक नेतृत्व के विकास के लिए कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं डिक्की मध्यप्रदेश के अध्यक्ष डॉ. अनिल सिरवैया ने कहा कि आगामी दो से तीन वर्ष अनुसूचित जाति एवं जनजाति उद्यमिता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने जिला स्तर पर संगठित प्रयासों, उद्यमिता प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, बाजार उपलब्धता तथा शासकीय योजनाओं से जोड़ने पर बल दिया। साथ ही “एक जिला-एक उत्पाद”, निर्यात संवर्धन, एमएसएमई प्रोत्साहन, विक्रेता विकास एवं शासकीय खरीद जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया।

समापन सत्र में डॉ. मनोज आर्य ने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी की जिम्मेदारी है कि वह अपने जिले में नए उद्यमियों को आगे लाने का कार्य करे। वहीं श्री मनोज वर्मा ने नेतृत्व विकास एवं संगठन सुदृढ़ीकरण पर अपने विचार व्यक्त किए तथा श्री मनीष पिपलोदे ने पेट्रोलियम क्षेत्र एवं शासकीय खरीद में उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों की जानकारी दी।

सिंगरौली से शामिल हुए डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर इंजी. विद्याभूषण ने कहा कि जिले में स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने के लिए डिक्की के माध्यम से लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सिंगरौली में उपलब्ध औद्योगिक संभावनाओं, स्थानीय संसाधनों एवं युवाओं की प्रतिभा को ध्यान में रखते हुए नए उद्यमियों को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

कार्यशाला में डिक्की मध्यप्रदेश ने अपना विजन प्रस्तुत करते हुए कहा कि संगठन का लक्ष्य प्रदेश के हर जिले में उद्यमिता का मजबूत नेटवर्क विकसित करना है, जिससे रोजगार सृजन और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल सके।

डिक्की मध्यप्रदेश का संकल्प—

हर जिला – एक अवसर

हर युवा – एक उद्यमी

हर समुदाय – एक भागीदार

इसी उद्देश्य के साथ डिक्की मध्यप्रदेश प्रदेशभर में उद्यमिता विस्तार अभियान को नई गति देने के लिए कार्य कर रहा है।

सिंगरौली जिले से कार्यशाला में डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर इंजी. विद्या भूषण, डिविजनल कोऑर्डिनेटर विजय शंकर नीरत “रोमी”, डिक्की सदस्य बसंत कुमार साकेत सहित जिले के अन्य उद्यमियों एवं व्यवसायियों ने सहभागिता की। सभी प्रतिनिधियों ने कार्यशाला में प्रस्तुत उद्यमिता विस्तार की योजनाओं पर चर्चा करते हुए सिंगरौली जिले में इनके प्रभावी क्रियान्वयन का संकल्प व्यक्त किया।

Author

  • नंदकिशोर पटेल
    प्रधान संपादक एवं प्रकाशक
    भारत सरकार के नियमानुसार पंजीकृत समाचार पत्र के संपादक के रूप में निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहितकारी पत्रकारिता के लिए समर्पित। सत्य, पारदर्शिता और जनविश्वास हमारी पहचान है।

    सत्य • निष्पक्षता • जनहित

apnavichar

नंदकिशोर पटेल प्रधान संपादक एवं प्रकाशक भारत सरकार के नियमानुसार पंजीकृत समाचार पत्र के संपादक के रूप में निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहितकारी पत्रकारिता के लिए समर्पित। सत्य, पारदर्शिता और जनविश्वास हमारी पहचान है।
सत्य • निष्पक्षता • जनहित

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button