क्राइम न्यूज़बड़ी न्यूज़ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

खेत की जुताई का विवाद बना खूनी संघर्ष, पिता और छोटे भाई पर बड़े बेटे की हत्या का आरोप

अपना विचार समाचार

सिंगरौली। जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र के बरहवा टोला स्थित लहासी टोला में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत की जुताई और जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में बड़े बेटे की कथित तौर पर पिता और छोटे भाई ने मिलकर हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जबकि पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात मृतक महुआहे सिंह गोंड (47) और उनके पिता के बीच खेत की जुताई तथा हिस्से की जमीन को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने भी हस्तक्षेप किया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

आरोप है कि झगड़े के दौरान छोटे भाई ने हल के नगरा (लकड़ी के हिस्से) से बड़े भाई के सिर पर कई वार किए। वहीं पिता ने भी कथित रूप से हमले में साथ दिया। गंभीर चोट लगने से महुआहे सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पिता और पुत्र दोनों मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि परिवार के कुछ सदस्य मामले को दबाने की कोशिश करते रहे और पुलिस को तत्काल सूचना नहीं दी गई। शनिवार सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित किया गया।

गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जमीन के विवाद ने छीनी एक और जान

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक अपने हिस्से की जमीन पर खेती कर परिवार का पालन-पोषण करता था। आरोप है कि उसके हिस्से की कुछ जमीन पर भी विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि लंबे समय से चले आ रहे इसी पारिवारिक विवाद ने अंततः हत्या जैसी दर्दनाक घटना का रूप ले लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button