सिंगरौली के विवादित डीईओ एस.बी. सिंह का तबादला, कविता त्रिपाठी संभालेंगी जिम्मेदारी

सिंगरौली के विवादित डीईओ एस.बी. सिंह का तबादला, कविता त्रिपाठी संभालेंगी जिम्मेदारी
सिंगरौली (अपना विचार समाचार)। सिंगरौली शिक्षा विभाग में लंबे समय से विवादों और अनियमितताओं को लेकर चर्चा में रहे जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) एस.बी. सिंह का अंततः तबादला कर दिया गया है। मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार उन्हें शहडोल जिले में प्रभारी सहायक संचालक के पद पर पदस्थ किया गया है।
वहीं सिंगरौली जिले में शिक्षा विभाग की कमान अब कविता त्रिपाठी के हाथों में होगी। शासन ने उन्हें सहायक संचालक के साथ-साथ जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है। आदेश जारी होने के बाद शिक्षा विभाग सहित विभिन्न सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों द्वारा कविता त्रिपाठी को शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
सूत्रों के अनुसार सिंगरौली शिक्षा विभाग में व्याप्त अनियमितताओं और विभिन्न विवादों को लेकर एस.बी. सिंह लगातार चर्चाओं में बने हुए थे। ऐसे में उनके स्थानांतरण को प्रशासनिक स्तर पर एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।
जानकारों का कहना है कि स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद एस.बी. सिंह द्वारा आदेश में संशोधन या परिवर्तन कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन चूंकि यह शासन स्तर का नीतिगत निर्णय है, इसलिए इसमें बदलाव की संभावना कम मानी जा रही है।
शिक्षा जगत से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि नई जिम्मेदारी संभालने के बाद कविता त्रिपाठी जिले में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में कार्य करेंगी।
— अपना विचार समाचार, सिंगरौली संवाददाता



