विश्व मानव तस्करी विरोध दिवस पर सिंगरौली पुलिस की पहल
स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम, ड्राइंग प्रतियोगिता और नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से दिया सुरक्षा का संदेश

विश्व मानव तस्करी विरोध दिवस पर सिंगरौली पुलिस की पहल
स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम, ड्राइंग प्रतियोगिता और नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से दिया सुरक्षा का संदेश
अपना विचार | सिंगरौली | 30 जुलाई 2026
विश्व मानव तस्करी विरोध दिवस के अवसर पर सिंगरौली पुलिस ने जिले में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाते हुए छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध के प्रति जागरूक किया। शासकीय मॉडल स्कूल, पचौर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के. एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा एवं प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित बैरागी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में महिला थाना की उप निरीक्षक श्रीमती चांदनी सिंह एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूपों, उसके दुष्परिणामों तथा बचाव के उपायों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को रोजगार, शिक्षा और विवाह के नाम पर दिए जाने वाले झूठे प्रलोभनों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित ड्राइंग प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने मानव तस्करी के विरुद्ध प्रभावशाली चित्र बनाकर समाज को जागरूकता का संदेश दिया। वहीं विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाट्य मंचन ने यह दर्शाया कि किस प्रकार लालच और झूठे वादों के जाल में फँसाकर लोगों का शोषण किया जाता है तथा समय रहते पुलिस को सूचना देकर ऐसे अपराधों को रोका जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी मानव तस्करी जैसे जघन्य अपराध के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
इसी क्रम में थाना सरई पुलिस द्वारा ग्राम सरई टोला में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को मानव तस्करी की पहचान, उससे बचाव, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही मानव तस्करी के विरुद्ध सामूहिक जागरूकता और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।



