देश प्रदेशबड़ी न्यूज़ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

स्टाम्प वेंडरों पर प्रशासन की सख्ती, लापरवाही और अनियमितताओं के आरोप में चार लाइसेंस निलंबित

अपना विचार समाचार

सिंगरौली। जिले में स्टाम्प विक्रय व्यवस्था में सामने आई अनियमितताओं पर पंजीयन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार स्टाम्प वेंडरों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। विभागीय जांच में कार्य के दौरान लापरवाही, अभिलेखों के संधारण में कमी तथा पंजीयन प्रक्रिया के निर्धारित नियमों का पालन न करने जैसी गंभीर खामियां सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

बताया जा रहा है कि स्टाम्प बिक्री और पंजीयन कार्य में गड़बड़ी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर जिला पंजीयक के निर्देश पर अधिकारियों ने संबंधित स्टाम्प वेंडरों के अभिलेखों और कार्यप्रणाली की जांच की। जांच में कई स्थानों पर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वेंडरों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था।

संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद चार स्टाम्प वेंडरों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले के सभी लाइसेंसधारी स्टाम्प वेंडरों की समय-समय पर जांच जारी रहेगी और भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं पंजीयन विभाग बकायेदारों के विरुद्ध भी अभियान चला रहा है। विभाग का दावा है कि राजस्व वसूली में रिकॉर्ड स्तर की प्रगति हुई है और बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर उनसे बकाया राशि जमा कराने की कार्रवाई लगातार जारी है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नोटिस के बाद भी राशि जमा नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कदम उठाए जाएंगे।

प्रशासन की इस कार्रवाई को पंजीयन व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button