नगर निगम आयुक्त ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा, 2 लाख पौधारोपण का लक्ष्य तय

नगर निगम आयुक्त ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा, 2 लाख पौधारोपण का लक्ष्य तय
सिंगरौली, 10 जून 2026। नगर पालिक निगम आयुक्त सविता प्रधान ने बुधवार को विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विकास कार्यों में तेजी लाने तथा जनहितकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक में आयुक्त ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, नियमित निरीक्षण करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। आगामी वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने शहर में 2 लाख पौधारोपण के लक्ष्य को सहायक यंत्रियों और उपयंत्रियों के बीच विभाजित किया तथा समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने मॉडल रोड के सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों से गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय पर कार्य पूर्ण करने को कहा। इसके अलावा पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल परीक्षण के लिए लिए जा रहे नमूनों की सतत निगरानी के निर्देश दिए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण, पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति तथा निगम में ई-अटेंडेंस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निगम की विकास एवं जनहितकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि नागरिकों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
बैठक में उपायुक्त आर.पी. बैस, कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी सहित सहायक यंत्री एवं उपयंत्री उपस्थित रहे।
@संपादक,अपना विचार



