पुलिस ने अंधे कत्ल का किया खुलासा, पत्नी की हत्या कर शव जलाने वाला पति गिरफ्तार

🚨 ब्रेकिंग न्यूज़: बहरी पुलिस ने अंधे कत्ल का किया खुलासा, पत्नी की हत्या कर शव जलाने वाला पति गिरफ्तार
सीधी, 9 जून 2026। थाना बहरी पुलिस ने ग्राम दुअरा कला में सड़क किनारे अधजली अवस्था में मिले महिला के शव के मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पत्नी की हत्या करने के बाद शव को बोरे में भरकर सुनसान इलाके में फेंक दिया और पहचान छिपाने के लिए आग लगा दी थी।
पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई।
घटनास्थल से मिले सुराग बने खुलासे की कुंजी
6 जून 2026 को ग्राम दुअरा कला में सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का अधजला शव मिलने की सूचना पर बहरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से जले-अधजले कपड़ों के टुकड़े, धागे के खोखे, जूट के बोरे के अवशेष सहित अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य बरामद किए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी स्वयं घटनास्थल पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण किया। घटनास्थल पर मिले सिलाई-कटाई से संबंधित साक्ष्यों के आधार पर उन्होंने आशंका जताई कि मामला किसी दर्जी या सिलाई व्यवसाय से जुड़े व्यक्ति से संबंधित हो सकता है। इसी दिशा में जांच आगे बढ़ाई गई।
मृतका की हुई पहचान
जांच के दौरान मृतका की पहचान ममता नामदेव (35 वर्ष) निवासी खैरा, थाना कोतवाली, जिला सीधी के रूप में हुई। वह अपने पति सुरेश नामदेव से अलग रह रही थी तथा न्यायालय द्वारा उसे भरण-पोषण राशि स्वीकृत की गई थी। वह अपनी पुत्री लक्ष्मी नामदेव के साथ सीधी में किराये के मकान में रहकर मजदूरी करती थी।
पैसों के विवाद में की हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद और भरण-पोषण राशि को लेकर मतभेद चल रहे थे। 5 जून को ममता नामदेव अपने पति की सिलाई दुकान पर भरण-पोषण राशि लेने पहुंची थी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी सुरेश नामदेव ने उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को बोरे में भरकर ग्राम दुअरा कला के पहाड़ी मार्ग के किनारे फेंक दिया तथा पहचान मिटाने और साक्ष्य नष्ट करने की नीयत से शव पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी।
आरोपी गिरफ्तार, प्रकरण दर्ज
पुलिस ने आरोपी सुरेश नामदेव पिता रमेश नामदेव, निवासी खैरा, थाना कोतवाली जिला सीधी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 238(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की विवेचना जारी है।
पुलिस की सराहनीय कार्रवाई
थाना बहरी पुलिस ने सूक्ष्म भौतिक साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और सतत विवेचना के आधार पर अज्ञात महिला के शव की पहचान स्थापित कर हत्या की गुत्थी सुलझाई। सीधी पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए वह सदैव प्रतिबद्ध है।
📰 अपना विचार समाचार | जिला सिंगरौली, मध्य प्रदेश



