अटल सामुदायिक भवन बिलौंजी में 15, 16 एवं 18 जून को लगेंगे जनकल्याणकारी शिविर
पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का मिलेगा लाभ, आयुक्त सविता प्रधान ने की अधिकाधिक सहभागिता की अपील

अटल सामुदायिक भवन बिलौंजी में 15, 16 एवं 18 जून को लगेंगे जनकल्याणकारी शिविर
पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का मिलेगा लाभ, आयुक्त सविता प्रधान ने की अधिकाधिक सहभागिता की अपील
सिंगरौली, 14 जून 2026। आम नागरिकों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा 15, 16 एवं 18 जून 2026 को अटल सामुदायिक भवन, बिलौंजी में जिला स्तरीय जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे।
प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 12 जून से 18 जून तक विभिन्न विकासखंडों एवं नगरीय निकायों में जनकल्याणकारी शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी, आवेदन की सुविधा तथा समस्याओं के समाधान की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविरों का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं हितग्राही मूलक योजनाओं से जोड़ना, आवेदन पत्र भरवाना तथा प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है।
इस संबंध में नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस ने सभी वार्ड प्रभारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वे जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सभी आवश्यक प्रपत्रों की पर्याप्त प्रतियां उपलब्ध रखते हुए निर्धारित तिथियों में शिविर स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। उन्होंने कहा कि वार्ड प्रभारी हितग्राहियों के आवेदन भरवाकर उन्हें संबंधित पोर्टल पर दर्ज कराने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित करेंगे, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
वहीं, नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा है कि अधिक से अधिक संख्या में नागरिक बिलौंजी स्थित अटल सामुदायिक भवन में आयोजित जनकल्याणकारी शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
इन शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और नागरिकों को एक ही स्थान पर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।



