जिला जेल बैढ़न में कैदियों के लिए योग शिविर आयोजित, कार्यपालक मुख्य न्यायाधिपति श्री विवेक रुसिया ने किया ऑनलाइन शुभारंभ

जिला जेल बैढ़न में कैदियों के लिए योग शिविर आयोजित, कार्यपालक मुख्य न्यायाधिपति श्री विवेक रुसिया ने किया ऑनलाइन शुभारंभ
सिंगरौली, 15 जून 2026। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के मार्गदर्शन में सोमवार को जिला जेल बैढ़न में बंदियों के लिए विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यपालक मुख्य न्यायाधिपति श्री विवेक रुसिया ने ऑनलाइन माध्यम से किया।
इस अवसर पर जिला न्यायाधीश श्री खालिद मोहतरम अहमद ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बंदियों से स्वस्थ जीवन के लिए नियमित रूप से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री शिवचरण पटेल ने कहा कि जेलों में नियमित योग और ध्यान से बंदियों के हिंसक व्यवहार में कमी आती है तथा तनाव और मानसिक अवसाद दूर होता है। योग आत्म-नियंत्रण और सकारात्मक सोच विकसित कर व्यक्ति को बेहतर जीवन की ओर प्रेरित करता है तथा अपराध से दूर रहने में सहायक सिद्ध होता है।
कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री आर.डी. पाण्डेय ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं सूर्य नमस्कार की जानकारी देते हुए बंदियों को उनका व्यावहारिक अभ्यास भी कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योग से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और मानसिक शांति प्राप्त होती है।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिंगरौली के सचिव श्री मनोरम तिवारी, जेल अधीक्षक श्री एल.के. त्रिपाठी, डिफेंस काउंसिल के अधिवक्तागण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में जेल बंदी उपस्थित रहे।
योग शिविर का उद्देश्य बंदियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हुए उनमें सकारात्मक सोच और आत्म-सुधार की भावना विकसित करना रहा।


