रिलायंस कोल माइंस हादसा : मृतक डंपर ऑपरेटर के परिजनों को मुआवजा व सहायता पर बनी सहमति

रिलायंस कोल माइंस हादसा : मृतक डंपर ऑपरेटर के परिजनों को मुआवजा व सहायता पर बनी सहमति
सिंगरौली। जिले के मुहेर स्थित रिलायंस कोल माइंस में डंपर ऑपरेटर की मौत के बाद कंपनी प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बीच मुआवजा एवं विभिन्न सहायता प्रदान किए जाने को लेकर सहमति बन गई है। घटना के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति के बीच प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद लिखित सहमति पत्र तैयार किया गया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बिहार निवासी देवेंद्र यादव के रूप में हुई है, जो संविदाकार कंपनी के माध्यम से खदान में कार्यरत थे। शुक्रवार तड़के ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद श्रमिकों और परिजनों में आक्रोश व्याप्त हो गया था, जिसके चलते खदान क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
सूत्रों के अनुसार कंपनी प्रबंधन ने मृतक के आश्रित परिवार को विभिन्न बीमा योजनाओं, ईपीएफ, ईडीएलआई, ग्रेच्युटी, सुपरटॉप एवं एक्सीडेंटल पॉलिसी के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर सहमति जताई है। साथ ही मृतक की पत्नी एवं बच्चों के लिए नियमानुसार पेंशन सुविधा, अंतिम संस्कार सहायता राशि तथा आश्रित परिवार के एक सदस्य को नियमानुसार रोजगार उपलब्ध कराने का भी प्रावधान किया गया है।
बताया जा रहा है कि विभिन्न मदों को मिलाकर कुल सहायता राशि करीब 85 लाख रुपये के आसपास हो सकती है, हालांकि अंतिम भुगतान संबंधित नियमों एवं पात्रता के आधार पर निर्धारित किया जाएगा।
इस बीच हादसे के बाद कोयला खदानों में सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। श्रमिकों का कहना है कि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों को लेकर कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की जांच जारी है तथा संबंधित एजेंसियां आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई हैं।



