रीवा के गंगेव में प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित, किसानों को दी गई वैज्ञानिक जानकारी

रीवा के गंगेव में प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित, किसानों को दी गई वैज्ञानिक जानकारी
अपना विचार रीवा,
जिले के विकासखंड गंगेव अंतर्गत प्राकृतिक खेती के लिए चयनित ग्राम माला और बेलवा कुर्मियान में प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्व पर्यावरण दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के क्रम में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीणजन शामिल हुए।
कार्यशाला में कृषि वैज्ञानिकों एवं विभागीय अधिकारियों ने किसानों को प्राकृतिक खेती के विभिन्न घटकों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस दौरान जीवामृत, बीजामृत, आच्छादन, वाफसा तकनीक, जैविक पोषण प्रबंधन तथा रासायनिक उर्वरकों के विकल्पों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विशेषज्ञों ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाकर उत्पादन लागत कम करने, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में किसानों ने प्राकृतिक खेती से जुड़े अपने अनुभव साझा किए तथा वैज्ञानिकों से विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीण स्तर पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ टिकाऊ कृषि प्रणाली को प्रोत्साहन मिल सके।
#रीवा #Rewa #NaturalFarming #प्राकृतिक_खेती #JansamparkMP #MadhyaPradesh #pro_rewa #अपना_विचार



