कोयला परिवहन, धूल प्रदूषण और जल संकट के खिलाफ होगा जनआंदोलन, प्रशासन से मांगी अनुमति
25 जून को गजराबहरा में सुबह 10 बजे से प्रस्तावित है आंदोलन

कोयला परिवहन, धूल प्रदूषण और जल संकट के खिलाफ होगा जनआंदोलन, प्रशासन से मांगी अनुमति
25 जून को गजराबहरा में सुबह 10 बजे से प्रस्तावित है आंदोलन
रिपोर्ट : अरविंद साकेत
सिंगरौली। सरई तहसील अंतर्गत ग्राम गजराबहरा एवं आसपास के क्षेत्रों में कोयला परिवहन से उत्पन्न समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, धूल प्रदूषण बढ़ रहा है तथा जल संकट सहित अन्य जनसमस्याएं गंभीर होती जा रही हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर युवा समाज सेवा संगठन समिति ने जनआंदोलन की घोषणा की है।
संगठन द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरई को सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि कोयला परिवहन के कारण ग्रामीणों को प्रतिदिन विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धूल के गुबार से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, वहीं जर्जर सड़कों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। साथ ही क्षेत्र में पेयजल संकट एवं अन्य मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग लंबे समय से की जा रही है।
युवा समाज सेवा संगठन समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, यदि समस्याओं के निराकरण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्रवासी शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन करने को मजबूर होंगे। आवेदन के अनुसार 25 जून 2026 (गुरुवार) को प्रातः 10 बजे सरई रोड स्थित गजराबहरा में जनआंदोलन प्रस्तावित है।
संगठन ने बताया कि आंदोलन के दौरान कोयला परिवहन में लगे वाहनों के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए प्रशासन से अनुमति प्रदान करने की मांग की गई है।
इस संबंध में आवेदन की प्रतिलिपि थाना प्रभारी सरई एवं तहसीलदार सरई को भी प्रेषित की गई है। अब क्षेत्रवासियों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई और समस्याओं के समाधान के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर टिकी हुई है।



