वाराणसी में अर्जक आदर्श विवाह सम्पन्न, समता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का दिया संदेश

वाराणसी में अर्जक आदर्श विवाह सम्पन्न, समता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का दिया संदेश
वाराणसी, 22 जून 2026। जनपद वाराणसी के थाना चोलापुर अंतर्गत ग्राम सरैया (महुलिया) में अर्जक परंपरा के अनुसार एक सादगीपूर्ण एवं प्रेरणादायी अर्जक आदर्श विवाह समारोह हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर ग्राम दान्दूपुर, पोस्ट धौकलगंज, थाना कपसेठी निवासी राज पटेल (पुत्र देवनाथ पटेल एवं माता शकुंतला देवी) का विवाह ग्राम सरैया (महुलिया), पोस्ट आयर, थाना चोलापुर निवासी वंदना पटेल (पुत्री सियाराम पटेल एवं माता सोना देवी) के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता चन्द्र भूषण पटेल ने की।
विवाह समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रामजी वर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री, अर्जक संघ ने वर-वधू को उपस्थित समाज को साक्षी मानकर प्रतिज्ञापन कराया। उन्होंने प्रतिज्ञा-पत्र में उल्लिखित सिद्धांतों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अर्जक आदर्श विवाह सामाजिक कुरीतियों, पाखंड और अंधविश्वास से दूर रहकर समता, मानववाद तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आधारित वैवाहिक पद्धति है, जो समाज में समानता और जागरूकता का संदेश देती है।
इस अवसर पर हीरालाल (पूर्व प्रधानाध्यापक), रामाश्रय पटेल (शिक्षक), डॉ. अच्छेलाल तथा चन्द्र भूषण पटेल ने भी अर्जक विवाह पद्धति की विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला और लोगों से अपने पुत्र-पुत्रियों के विवाह में इस पद्धति को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान दोनों पक्षों के परिजनों एवं उपस्थित लोगों ने नवविवाहित दंपति को पुष्प अर्पित कर उनके सुखद एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की कामना की। अध्यक्षीय उद्बोधन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
रिपोर्ट : अपना विचार वाराणसी



