Life Styleदेश प्रदेशमध्य प्रदेशसिंगरौली

विद्यार्थियों से रूबरू हुईं नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, सफलता का दिया मंत्र

अपना विचार समाचार

सिंगरौली। पीएम श्री हायर सेकेंडरी स्कूल विंध्य नगर में आयोजित प्रेरणादायी संवाद कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए अपने जीवन के अनुभव साझा किए और उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर सफलता की ओर बढ़ने का संदेश दिया।

आयुक्त ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण की पहली पाठशाला भी है। यहीं से विद्यार्थी दोस्ती, अनुशासन, टीम भावना, जिम्मेदारी और जीवन की चुनौतियों से मुकाबला करना सीखते हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल के दिन जीवन की सबसे सुंदर और यादगार पूंजी होते हैं, जो भविष्य की दिशा तय करते हैं।

विद्यार्थियों को सरल उदाहरण देकर समझाते हुए उन्होंने कहा कि जैसे स्वादिष्ट भोजन के लिए विभिन्न मसालों का संतुलित मिश्रण आवश्यक होता है, वैसे ही जीवन में मुस्कान, मेहनत, संघर्ष, धैर्य और सकारात्मक सोच का संतुलन व्यक्ति को सफल बनाता है। चुनौतियां जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं और इन्हीं से सीखकर व्यक्ति आगे बढ़ता है।

नगर निगम आयुक्त ने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण भी सफलता की मजबूत नींव हैं।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छात्राओं को विशेष रूप से संबोधित करते हुए कहा कि बेटियां शिक्षा और आत्मनिर्भरता के माध्यम से समाज में बदलाव की बड़ी ताकत बन सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य देवी शरण, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने आयुक्त के प्रेरक विचारों को उत्साहपूर्वक सुना और उनसे अपने अनुभव भी साझा किए।

“सफलता का रास्ता मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच से होकर गुजरता है” — सविता प्रधान, नगर निगम आयुक्त।

Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button