देश प्रदेशबड़ी न्यूज़ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

PM आवास में गड़बड़ी पर सख्त नगर निगम, किराए पर मकान देने वालों का आवंटन होगा रद्द

गनियारी स्थित प्रधानमंत्री आवास परिसर का निगमायुक्त सविता प्रधान ने किया औचक निरीक्षण, खाली मकानों के तत्काल आवंटन और सुविधाएं सुधारने के दिए निर्देश

अपना विचार समाचार

सिंगरौली। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने गनियारी आवास परिसर में सोमवार को नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सबसे गंभीर मामला उन आवासों का सामने आया, जिन्हें कुछ हितग्राहियों ने नियमों के विपरीत किराए पर दे रखा है या स्वयं उनमें निवास नहीं कर रहे हैं। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए निगमायुक्त ने ऐसे सभी मामलों की जांच कर दोषी हितग्राहियों का आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल गरीब और पात्र परिवारों के लिए है, इसका व्यावसायिक उपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिसर में खाली पड़े सभी आवासों को प्राथमिकता के आधार पर वास्तविक जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को शीघ्र आवंटित किया जाए, ताकि कोई भी मकान बेवजह खाली न रहे।

निरीक्षण के दौरान नालियों की सफाई, कचरा प्रबंधन, नियमित सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, विद्युत वायरिंग और मुख्य पहुंच मार्ग की मरम्मत जैसे कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि आवास परिसर में रहने वाले लोगों को सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर मिलनी चाहिए और इसके लिए अधिकारियों की नियमित निगरानी आवश्यक है।

नगर निगम आयुक्त ने दोहराया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, यह प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस, सहायक आयुक्त ज्योति सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button