सीवर कार्य ने छीनी सड़क की पहचान, ताली मोहल्ले के लोग कीचड़ में चलने को मजबूर
वार्ड क्रमांक-40 में अधूरे निर्माण और लापरवाही से बढ़ी परेशानी, बारिश ने खोली व्यवस्था की पोल
अपना विचार समाचार
सिंगरौली।
नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक-40 स्थित ताली मोहल्ले में सीवर लाइन निर्माण के बाद सड़क की हालत बदतर हो गई है। सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है और जगह-जगह कीचड़ व गड्ढों के कारण लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि निर्माण कार्य के बाद सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल नहीं किया गया, जिससे आमजन को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के दौरान हालात और अधिक गंभीर हो जाते हैं। सड़क पर जमा कीचड़ और फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना के खतरे के बीच आवागमन करने को मजबूर हैं, जबकि बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों के लिए यह रास्ता किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है।
मोहल्ले के रहवासियों का कहना है कि सीवर पाइप लाइन बिछाने के बाद संबंधित ठेकेदार ने सड़क मरम्मत की जिम्मेदारी पूरी नहीं की। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी की लापरवाही का खामियाजा आम नागरिक भुगत रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन, महापौर एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि सड़क का तत्काल निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके और आवागमन सुरक्षित हो सके। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में जनआंदोलन की स्थिति भी बन सकती है।



