बड़ी न्यूज़ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

ट्रॉमा सेंटर से बाइक चोरी के बाद सुरक्षा पर सवाल, पीड़ित ने पुलिस चौकी की उठाई मांग

अपना विचार समाचार 

सिंगरौली संवाददाता 

सिंगरौली बैढ़न। जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर बैढ़न परिसर से एक बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। अस्पताल में भर्ती अपने रिश्तेदार को भोजन देने पहुंचे युवक की बाइक अस्पताल परिसर से गायब हो गई। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली वैढ़न में लिखित शिकायत देकर बाइक की बरामदगी तथा अज्ञात चोरों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार संजय कुमार साकेत, निवासी ग्राम बलियरी (वैढ़न), अपने जीजा को भोजन देने जिला चिकित्सालय पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक अस्पताल परिसर में खड़ी कर वार्ड में भोजन देने चले गए। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक निर्धारित स्थान से गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं लगने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। चोरी हुई बाइक का पंजीयन क्रमांक UP-64 SJ-7652 बताया गया है।

इलाज कराने आए, लेकिन बाइक हो गई चोरी

पीड़ित संजय कुमार साकेत ने बताया कि उनके रिश्तेदार का इलाज जिला चिकित्सालय बैढ़न में चल रहा है। वह उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बीना-रेहटा क्षेत्र से इलाज की उम्मीद लेकर आए थे, लेकिन अस्पताल परिसर से ही उनकी बाइक चोरी हो गई।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद पीड़ित ने अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि परिसर में पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं है। वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े किए जाते हैं, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव है और सुरक्षा गार्डों की मौजूदगी के बावजूद प्रभावी निगरानी नहीं हो पाती। ऐसी स्थिति में वाहन चोरी जैसी घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।

अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी की मांग

पीड़ित ने जिला चिकित्सालय परिसर में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग करते हुए कहा कि इससे वाहन चोरी, मारपीट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा। उन्होंने हाल ही में पदभार ग्रहण करने वाले पुलिस अधीक्षक से भी मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए बाइक बरामद करने की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

कोतवाली वैढ़न पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि जिला चिकित्सालय परिसर से पूर्व में भी मोबाइल और वाहन चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में एक बार फिर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर सवाल उठने लगे हैं।

Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button