सिंगरौली पुलिस के तीन निरीक्षक बने डीएसपी, पुलिस अधीक्षक ने दी शुभकामनाएं

सिंगरौली पुलिस के तीन निरीक्षक बने डीएसपी, पुलिस अधीक्षक ने दी शुभकामनाएं
अपना विचार समाचार सिंगरौली, 15 जुलाई 2026। सिंगरौली पुलिस के लिए गौरव का क्षण रहा, जब जिले में पदस्थ तीन निरीक्षकों को उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) पद पर पदोन्नति मिलने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी पदोन्नति आदेश के अनुसार निरीक्षक श्री राकेश साहू, श्री अशोक सिंह परिहार एवं श्रीमती अर्चना द्विवेदी को निरीक्षक से उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) पद पर पदोन्नत किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा ने तीनों अधिकारियों को बैज पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी और नेतृत्व का अवसर भी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पदोन्नत अधिकारी अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और अनुभव के बल पर नए दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे तथा आमजन को संवेदनशील और बेहतर पुलिस सेवा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा ने भी तीनों अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके अनुभव और समर्पण से पुलिस विभाग को नई ऊर्जा मिलेगी तथा वे अपने नए दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।
इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक श्री केशव सिंह चौहान, सूबेदार श्री आशिष तिवारी सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपना विचार समाचार की ओर से नवनियुक्त उप पुलिस अधीक्षकों को हार्दिक बधाई एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं।



