आधी रात सख्त हुई यातायात पुलिस, नशे में स्टेयरिंग थामने वालों पर कसा शिकंजा
अपना विचार समाचार
सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिंगरौली यातायात पुलिस ने मध्यरात्रि में विशेष अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। 28-29 जून की रात शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर की गई सघन जांच के दौरान 10 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।
पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर की सहायता से चालकों की जांच की। जांच में दोषी पाए गए सभी वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई, वहीं उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
यातायात पुलिस के अनुसार जनवरी से जून 2026 तक जिले में शराब पीकर वाहन चलाने के 100 से अधिक मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। इन मामलों में न्यायालय द्वारा अब तक 11.50 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना अधिरोपित किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन को खतरे में डालना है। इसी कारण ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस की अपील: यदि आपने शराब का सेवन किया है तो स्वयं वाहन न चलाएं। टैक्सी, कैब, सार्वजनिक परिवहन या किसी जिम्मेदार व्यक्ति की सहायता लें। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।



