ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

पीएम स्वनिधि विशेष शिविर में 50 से अधिक आवेदन, बिना गारंटी ऋण के लिए हितग्राहियों ने दिखाई रुचि

पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड के लिए भी मिले 11 आवेदन, नगर निगम ने विभिन्न वार्डों में लगाए विशेष शिविर

अपना विचार समाचार

सिंगरौली।  रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत नगर निगम सिंगरौली द्वारा विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों में बड़ी संख्या में हितग्राहियों ने भाग लेकर योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए।

नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 3 के जगमोरवा सामुदायिक भवन तथा वार्ड क्रमांक 1 स्थित शासकीय विद्यालय में आयोजित शिविरों में पात्र हितग्राहियों को योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान 50 से अधिक हितग्राहियों ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत आवेदन किए, जबकि पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड के लिए 11 आवेदन प्राप्त हुए। नगर निगम के अनुसार सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

एनयूएलएम के नोडल अधिकारी अक्षत उपाध्याय ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत शहरी क्षेत्रों के रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विक्रेताओं को बिना किसी गारंटी के कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराया जाता है। योजना के प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, दूसरे चरण में 25 हजार रुपये तथा तीसरे चरण में 50 हजार रुपये तक का ऋण दिया जाता है।

उन्होंने बताया कि समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राहियों को ब्याज सब्सिडी, डिजिटल लेन-देन पर प्रोत्साहन राशि तथा पात्रता के अनुसार पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी प्रदान की जाती है।

नगर निगम ने बताया कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए आगामी दिनों में भी विभिन्न वार्डों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विक्रेता सरल प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।

शिविर में एनयूएलएम शाखा के सी.एल. कुशवाह, कृष्ण शाह, अतुल दुबे, रिसोर्स पर्सन नरेंद्र त्रिपाठी, रीना सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button