शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस का शिकंजा, एक रात में 7 चालकों पर कार्रवाई

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस का शिकंजा, एक रात में 7 चालकों पर कार्रवाई
अपना विचार समाचार सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिंगरौली यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 5-6 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि को शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर औचक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें 7 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।
पुलिस अधीक्षक षियाज़ के. एम. (भा.पु.से.) के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर एवं मेडिकल परीक्षण के बाद सभी दोषी चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की। साथ ही, उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए प्रकरण संबंधित परिवहन विभाग को भेजे जाएंगे।
यातायात पुलिस के अनुसार, जनवरी से जुलाई 2026 तक पिछले सात महीनों में 120 से अधिक वाहन चालकों के विरुद्ध शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। इन प्रकरणों में माननीय न्यायालय द्वारा 13 लाख 50 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना अधिरोपित किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं। नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक के लिए बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। सुरक्षित यातायात नियमों का पालन कर स्वयं, अपने परिवार और समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करें।



