लमसरई में गूंजा देशभक्ति का जयघोष, तिरंगे के साथ निकली भव्य रैली
हर घर तिरंगा अभियान के तहत विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को किया जागरूक, घर-घर तिरंगा फहराने का दिया संदेश

अपना विचार समाचार
सिंगरौली, 10 अगस्त । स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के बीच सिंगरौली जिले के ग्राम पंचायत लमसरई में राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला। हर घर तिरंगा अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लमसरई से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों के साथ शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
हाथों में तिरंगा और जुबां पर “भारत माता की जय” के नारों के साथ निकली रैली ने गांव के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील करते हुए राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
तिरंगे के सम्मान का दिया संदेश
रैली का नेतृत्व विद्यालय के प्राचार्य एवं ग्राम पंचायत सचिव ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान प्राचार्य ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।
ग्राम पंचायत सचिव ने भी ग्रामीणों से स्वतंत्रता दिवस को उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ मनाने तथा अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
रैली बनी गांव में जागरूकता का माध्यम
विद्यालय से निकली रैली जब गांव के विभिन्न हिस्सों से गुजरी तो ग्रामीणों में भी उत्साह नजर आया। विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओतप्रोत नारों ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। रैली के माध्यम से न केवल स्वतंत्रता दिवस के प्रति लोगों को जागरूक किया गया, बल्कि राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश के प्रति नागरिक कर्तव्यों का संदेश भी दिया गया।
अपना विचार समाचार
तिरंगा किसी राजनीतिक दल या विचारधारा का प्रतीक नहीं, बल्कि देश की एकता, स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों का राष्ट्रीय प्रतीक है। यदि “हर घर तिरंगा” जैसे अभियान केवल औपचारिक आयोजन न रहकर नागरिकों में संविधान, स्वतंत्रता और जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूकता पैदा करें, तो ऐसे अभियानों की सार्थकता और बढ़ सकती है।



