देवास में बामसेफ का 36वां राज्य अधिवेशन शुरू

देवास में बामसेफ का 36वां राज्य अधिवेशन शुरू
राष्ट्रीयकरण, संविधान संरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर हुआ मंथन
अपना विचार /अखिलेश कुमार प्रजापति
देवास। ऑल इंडिया बैकवर्ड (एससी, एसटी, ओबीसी) एंड माइनॉरिटी कम्युनिटीज एम्पलाइज फेडरेशन (बामसेफ) मध्य प्रदेश का 36वां राज्य अधिवेशन-2026 शनिवार, 5 सितंबर को देवास स्थित स्वास्तिक गार्डन, भोपाल चौराहा रोड में आयोजित हुआ। अधिवेशन के प्रथम दिन उद्घाटन एवं प्रबोधन सत्र में “राष्ट्रीयकरण का पैगाम—निजीकरण पर लगाम, अर्थात राष्ट्रीयकरण से लोकतांत्रिक राज्य समाजवाद की ओर” विषय पर विस्तृत चर्चा हुई।
अधिवेशन का उद्घाटन मू. डॉ. संजय सिंह, डिप्टी कमिश्नर, जीएसटी इंदौर ने किया। कार्यक्रम की प्रस्तावना मू. राजाराम दवारिया, प्रदेशाध्यक्ष बामसेफ मध्य प्रदेश द्वारा रखी गई।
कार्यक्रम में मू. संतोष वर्मा (IAS), प्रदेशाध्यक्ष अजाक्स मध्य प्रदेश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं मू. पवन वाल्मीकि, राज्य संयोजक सफाई कर्मचारी आंदोलन मध्य प्रदेश तथा मू. इंजी. भुवनेश कुमार पटेल, संरक्षक अपाक्स मध्य प्रदेश विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता मू. प्रो. डॉ. नीलिमा बागड़े, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य बामसेफ दिल्ली ने की।
संविधान और सामाजिक न्याय पर जोर
प्रबोधन सत्र के दौरान वक्ताओं ने समाज के वंचित एवं शोषित वर्गों के अधिकारों, सामाजिक न्याय तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि समाज को शिक्षित, संगठित और संघर्षरत बनाकर ही सामाजिक परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
अधिवेशन में भारतीय संविधान के सम्मान, संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ सामाजिक न्याय एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। निजीकरण के प्रभाव तथा सार्वजनिक क्षेत्र के महत्व पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्धजनों ने भाग लेकर सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए।



