बारिश में शहर की स्वच्छता पर महापौर सख्त, जलभराव रोकने और रात्रिकालीन निगरानी के दिए निर्देश

अपना विचार समाचार
सिंगरौली। वर्षा ऋतु के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम सिंगरौली की महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने गुरुवार को स्वच्छता विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में साफ-सफाई, जल निकासी, कचरा संग्रहण और आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
महापौर ने कहा कि बारिश के मौसम में शहरवासियों को जलभराव, गंदगी या अन्य किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए निगम अमला पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करे। उन्होंने मुख्य नालियों, उपनालियों तथा कॉलोनियों की नालियों की नियमित सफाई कराने और निकाली गई गाद एवं कचरे का तत्काल उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संक्रामक बीमारियों की रोकथाम को प्राथमिकता देते हुए महापौर ने मच्छरों की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित कीटनाशक दवाओं के छिड़काव के निर्देश भी दिए।
बैठक में जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों पर विशेष चर्चा करते हुए प्रत्येक वार्ड में पांच-पांच कर्मचारियों की रात्रिकालीन टास्क फोर्स गठित करने का निर्णय लिया गया। इन टीमों को टॉर्च, रेनकोट और छाता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत कार्य शुरू किया जा सके।
महापौर ने वाहन प्रभारी को निर्देशित किया कि जेसीबी मशीनें 24 घंटे उपलब्ध रहें, जिससे जलभराव अथवा अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में तुरंत कार्रवाई की जा सके। वहीं सीटाडेल प्रबंधन को सुबह और शाम नियमित रूप से घर-घर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने तथा सभी कचरा वाहनों पर जनजागरूकता जिंगल प्रसारित करने के निर्देश दिए गए, ताकि नागरिकों को वाहन के आगमन की समय पर जानकारी मिल सके।
उन्होंने आईसीसी टीम को लगातार फील्ड में सक्रिय रहकर स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी करने तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वर्षा ऋतु के दौरान 24 घंटे मोबाइल फोन चालू रखने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी शिकायत या आपात स्थिति का तत्काल समाधान किया जा सके।
बैठक में मेयर-इन-काउंसिल सदस्य खुर्शीद आलम, अंजना शाह एवं शिवकुमारी कुशवाहा, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी, इंडिपेंडेंट इंजीनियर चौधरी सत्यप्रकाश, सीटाडेल प्रबंधक रावेंद्र सिंह तथा आईसीसी के नितेश सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



