पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन पर त्रिमुला इंडस्ट्रीज पर बड़ी कार्रवाई, उत्पादन बंद कराने का प्रस्ताव

पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन पर त्रिमुला इंडस्ट्रीज पर बड़ी कार्रवाई, उत्पादन बंद कराने का प्रस्ताव
सिंगरौली। मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जिले के गोंडवाली स्थित त्रिमुला इंडस्ट्रीज लिमिटेड के विरुद्ध पर्यावरणीय मानकों के कथित उल्लंघन को लेकर सख्त कार्रवाई की है। बोर्ड ने उद्योग का उत्पादन बंद कराने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा है तथा 19.80 लाख रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति (जुर्माना) लगाने की अनुशंसा की है।
बोर्ड द्वारा किए गए संयुक्त निरीक्षण में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने का दावा किया गया है। निरीक्षण रिपोर्ट के अनुसार, PM-10 और PM-2.5 का स्तर निर्धारित मानकों से अधिक पाया गया। इसके अलावा प्रदूषण नियंत्रण प्रणाली में खामियां, चिमनी से अत्यधिक काला धुआं निकलना, खुले में फ्लाई ऐश एवं ठोस अपशिष्ट का भंडारण तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी जैसी कमियां भी दर्ज की गईं।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि उद्योग द्वारा पूर्व में जारी क्लोजर नोटिस में दिए गए निर्देशों का पूर्ण पालन नहीं किया गया। इसी आधार पर बोर्ड ने नियमानुसार आगे की कार्रवाई की अनुशंसा की है।
इस संबंध में कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जिले में पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी उद्योग के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने कहा है कि पर्यावरण संरक्षण और आम नागरिकों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
फिलहाल, अंतिम निर्णय संबंधित सक्षम प्राधिकारी द्वारा लिया जाएगा। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो उद्योग के संचालन पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



