बड़ी न्यूज़ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

दिवंगत एएसआई के परिवार को मिला ₹10 लाख का जीवन बीमा लाभ, पुलिस अधीक्षक ने पत्नी को सौंपा सहायता चेक

अपना विचार समाचार

सिंगरौली। सिंगरौली पुलिस ने अपने दिवंगत कर्मचारी के परिवार के प्रति संवेदनशीलता का परिचय देते हुए पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत संचालित जीवन बीमा योजना के तहत दिवंगत सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) स्वर्गीय परदेसी लाल रावत की पत्नी श्रीमती रान्नू (रानू) देवी रावत को ₹10 लाख की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ओर से जारी ₹10 लाख का चेक दिवंगत एएसआई की पत्नी को सौंपा। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

बीमारी के कारण हुआ था असामयिक निधन

गौरतलब है कि 7 मार्च 2026 को पुलिस लाइन में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक परदेसी लाल रावत का बीमारी के कारण असामयिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार पर आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।

पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के सतत प्रयासों तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मुख्य शाखा बैढ़न के सहयोग से पुलिस सैलरी पैकेज अंतर्गत संचालित जीवन बीमा योजना का दावा स्वीकृत कराया गया, जिसके बाद परिवार को ₹10 लाख की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई।

बैंक और पुलिस अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मुख्य शाखा बैढ़न के शाखा प्रबंधक केशव कामथ ने बीमा योजना से संबंधित औपचारिकताएं पूरी कराईं। इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान, सूबेदार आशीष तिवारी, उप निरीक्षक (आ) दिलीप परते, एसबीआई के असिस्टेंट मैनेजर सुजय कुमार तथा कलेक्ट्रेट शाखा के प्रबंधक अवनीश तिवारी सहित पुलिस एवं बैंक के अधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस कर्मियों के परिवारों के लिए सुरक्षा कवच बनी योजना

पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत संचालित जीवन बीमा योजना का उद्देश्य सेवा के दौरान किसी पुलिसकर्मी के निधन की स्थिति में उसके परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। इस सहायता राशि से दिवंगत कर्मचारी के परिजनों को कठिन समय में आर्थिक संबल मिलता है और भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलती है।

अपना विचार समाचार 

किसी भी कर्मचारी की सबसे बड़ी चिंता यह होती है कि उसके बाद उसके परिवार का भविष्य सुरक्षित रहे। ऐसे समय में यदि विभाग अपने दिवंगत कर्मियों के परिवारों के साथ संवेदनशीलता से खड़ा होता है, तो यह केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि मानवीय जिम्मेदारी का भी उदाहरण बनता है। सिंगरौली पुलिस द्वारा जीवन बीमा योजना के तहत दिवंगत एएसआई के परिवार को समय पर सहायता उपलब्ध कराना एक सकारात्मक पहल है। साथ ही यह भी आवश्यक है कि ऐसी योजनाओं का लाभ सभी पात्र पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों तक बिना अनावश्यक विलंब के पहुंचे।

Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button