करोड़ों का राजस्व देने वाली खुटार पंचायत बदहाल, गंदगी और टूटे चैंबरों से ग्रामीण परेशान

करोड़ों का राजस्व देने वाली खुटार पंचायत बदहाल, गंदगी और टूटे चैंबरों से ग्रामीण परेशान
सिंगरौली। जिले की सर्वाधिक राजस्व देने वाली ग्राम पंचायतों में शामिल खुटार ग्राम पंचायत इन दिनों बदहाल व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर चर्चा में है। पंचायत क्षेत्र में जगह-जगह नालियों के चैंबर टूटे पड़े हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। सड़क पर फैली गंदगी से राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत प्रशासन की उदासीनता के कारण यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद सरपंच एवं सचिव द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

स्थिति केवल नालियों तक ही सीमित नहीं है। पंचायत में लाखों रुपये की लागत से लगाए गए सीसीटीवी कैमरे भी रखरखाव के अभाव में निष्प्रभावी होते जा रहे हैं। कई कैमरे पोल पर उखड़कर लटक रहे हैं, जिससे पंचायत की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये का राजस्व देने वाली पंचायत में यदि मूलभूत सुविधाओं का यह हाल है, तो विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। उनका आरोप है कि पंचायत में विकास कार्य ठप पड़ गए हैं और जनसुविधाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से खुटार ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराने, टूटी नालियों एवं चैंबरों की तत्काल मरम्मत कराने तथा खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके और पंचायत की व्यवस्थाएं पुनः सुचारु हो सकें।



