रीवा के वरिष्ठ अधिवक्ता नीरज वर्मा के साथ हुई घटना पर अधिवक्ता समाज में आक्रोश, एकजुटता की अपील

रीवा के वरिष्ठ अधिवक्ता नीरज वर्मा के साथ हुई घटना पर अधिवक्ता समाज में आक्रोश, एकजुटता की अपील
सिंगरौली/रीवा। रीवा के वरिष्ठ अधिवक्ता श्री नीरज वर्मा के साथ हुई कथित अभद्र घटना को लेकर अधिवक्ता समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है।* *अधिवक्ताओं का कहना है कि यह मामला केवल एक व्यक्ति के सम्मान से जुड़ा नहीं है, बल्कि संपूर्ण अधिवक्ता समुदाय की गरिमा, स्वाभिमान और न्याय व्यवस्था की प्रतिष्ठा से संबंधित है।

अधिवक्ता संघ बैढ़न, जिला सिंगरौली के सचिव सुरेश कुमार जायसवाल एवं कार्यकारिणी सदस्य उसैद हसन सिद्दीकी, एडवोकेट ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जो अधिवक्ता काली कोट पहनकर न्याय व्यवस्था के एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में समाज को न्याय दिलाने का कार्य करता है, उसी काली कोट का सार्वजनिक रूप से अपमान किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है।

उन्होंने कहा कि यह मामला केवल वरिष्ठ अधिवक्ता नीरज वर्मा तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर के अधिवक्ताओं की अस्मिता और सम्मान से जुड़ा हुआ है। यदि ऐसे मामलों के विरुद्ध समय रहते संगठित होकर आवाज नहीं उठाई गई, तो भविष्य में अधिवक्ताओं के साथ होने वाली ऐसी घटनाओं में वृद्धि हो सकती है।
सुरेश कुमार जायसवाल एवं उसैद हसन सिद्दीकी ने समस्त अधिवक्ता बिरादरी से लोकतांत्रिक एवं कानूनी तरीके से एकजुट होकर न्याय और सम्मान की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज सदैव संविधान और कानून के दायरे में रहकर न्याय की स्थापना के लिए कार्य करता रहा है और आगे भी अपनी गरिमा तथा अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित रहेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि अधिवक्ताओं के सम्मान पर किसी भी प्रकार का आघात पूरे न्यायिक तंत्र की गरिमा को प्रभावित करता है, इसलिए इस मामले में दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।



