कृषि संगोष्ठी में प्राकृतिक खेती पर जोर, पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त से जिले के 1.37 लाख किसान लाभान्वित

कृषि संगोष्ठी में प्राकृतिक खेती पर जोर, पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त से जिले के 1.37 लाख किसान लाभान्वित
सिंगरौली, 20 जून 2026। स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र में शनिवार को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने एवं किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एक विशाल कृषि संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर, हुगली से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी की। इसके तहत सिंगरौली जिले के 1,37,344 किसानों के खातों में सम्मान राशि हस्तांतरित की गई।
देशभर में इस किस्त के माध्यम से 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी गई, जिससे जिले के किसानों में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कृषि वैज्ञानिकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि रासायनिक खाद एवं कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की उर्वरता प्रभावित हो रही है और इसका दुष्प्रभाव मानव स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाकर “धरती मां” की रक्षा करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने कहा कि पारंपरिक एवं प्राकृतिक कृषि पद्धति भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने किसानों से गाय आधारित प्राकृतिक खेती को अपनाने और सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे प्रशिक्षण एवं अनुदान का लाभ लेने की अपील की।
तकनीकी सत्र में कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. जय सिंह ने प्राकृतिक खेती के वैज्ञानिक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए जीवामृत और बीजामृत बनाने की विधि तथा कम लागत में गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के उपायों की जानकारी दी। अपर कलेक्टर ने शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को हरसंभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया। उप संचालक कृषि मनोज सिंह एवं सहायक संचालक कृषि लवकुश ने विभागीय योजनाओं और तकनीकी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष विरेंद्र गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदर लाल शाह, पूर्व प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप शाह, विरेंद्र पाठक, प्रवेंद्रधर द्विवेदी, सांसद प्रतिनिधि संतोष वर्मा, पार्षद राम नरेश शाह, पार्षद आशीष बैस, समाजसेवी विक्रम सिंह चंदेल, संजय दुबे, आलोक शर्मा, रवि चौरसिया, बाबूलाल बेस सहित कृषि विभाग की टीम के सदस्य अखलेश कुमार चौबे, अभियांत्रिकी विशेषज्ञ सत्यपाल सिंह, शिवम मिश्रा तथा जिले के अनेक प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और टिकाऊ कृषि व्यवस्था की दिशा में यह संगोष्ठी किसानों के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायक साबित हुई।



