लोहरा में मौत बनकर दौड़ी हाइवा, एक युवक की दर्दनाक मौत, दूसरा जिंदगी और मौत से जूझ रहा

अपना विचार समाचार
सिंगरौली/देवसर। जिले में भारी वाहनों की लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। देवसर क्षेत्र के लोहरा गांव में बुधवार को एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों युवक बाइक से अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों से क्षेत्रीय लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में ओवरलोड और तेज रफ्तार हाइवा वाहनों की मनमानी चरम पर है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बेलगाम भारी वाहनों पर तत्काल अंकुश लगाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
“कब रुकेगा हाइवा का कहर? देवसर में फिर उजड़ा एक परिवार, प्रशासनिक कार्रवाई पर उठे सवाल”।



