मां और पैतृक संपत्ति से बिछड़े युवक ने लगाई न्याय की गुहार, समाचार पत्र के माध्यम से मां को खोजने की अपील

मां और पैतृक संपत्ति से बिछड़े युवक ने लगाई न्याय की गुहार, समाचार पत्र के माध्यम से मां को खोजने की अपील
सिंगरौली/ कासगंज अपना विचार।
उत्तर प्रदेश के कासगंज निवासी आर्यन उर्फ अन्नी पुत्र पेटर्न वीर विक्रम सिंह ने अपनी मां और पैतृक संपत्ति के अधिकार को लेकर भावुक अपील की है। युवक ने समाचार पत्र को दिए पत्र में बताया कि बचपन में पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वह अपनी मां से बिछड़ गया और तब से आज तक उनका कोई पता नहीं चल सका।
आर्यन के अनुसार, उसके दादा-दादी कासगंज के सिहदपुर क्षेत्र में रहते थे। उनका आरोप है कि पिता द्वारा दूसरी शादी करने के बाद पैतृक संपत्ति बेच दी गई और उसकी मां तथा उसके अधिकारों की अनदेखी की गई। युवक का कहना है कि अब सिहदपुर स्थित मकान भी जर्जर हो रहा है, जबकि उसे और उसकी मां को उनके वैधानिक अधिकार नहीं मिल पाए हैं।
पत्र में आर्यन ने यह भी लिखा है कि यदि उसकी मां जो सिंगरौली मोरवा मध्य प्रदेश में रहती हैं तक यह समाचार पहुंचे तो वे उससे संपर्क करें, ताकि वह उनसे मिल सके और आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर अपने अधिकार प्राप्त कर सके। उसने समाचार पत्र के माध्यम से समाज और प्रशासन से भी सहयोग की अपील की है।
युवक ने उम्मीद जताई है कि उसकी यह अपील प्रकाशित होने से उसकी मां तक संदेश पहुंचेगा और वर्षों से बिछड़ा परिवार एक बार फिर मिल सकेगा। साथ ही, उसने न्याय दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
(नोट: यह समाचार आवेदक द्वारा दिए गए पत्र एवं उसके दावों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)



