MP–UP बॉर्डर पर पुलिस की संयुक्त रणनीति, नारकोटिक्स और साइबर अपराध पर होगी कड़ी कार्रवाई

MP–UP बॉर्डर पर पुलिस की संयुक्त रणनीति, नारकोटिक्स और साइबर अपराध पर होगी कड़ी कार्रवाई
सिंगरौली। सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शनिवार को मध्यप्रदेश–उत्तरप्रदेश पुलिस की संयुक्त बॉर्डर मीटिंग थाना अनपरा (जिला सोनभद्र, उत्तरप्रदेश) में आयोजित की गई। बैठक का आयोजन पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम. के निर्देशन में किया गया।
बैठक में एसडीओपी सिंगरौली सुश्री रोशनी कुर्मी, सीओ पीपरी श्री हर्ष पांडे, थाना प्रभारी मोरवा श्री ज्ञानेन्द्र सिंह, थाना प्रभारी शक्तिनगर श्री सतेंद्र कुमार, थाना प्रभारी अनपरा श्री प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, चौकी प्रभारी बीना एवं चौकी प्रभारी रेणुसागर सहित दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में नारकोटिक्स, अवैध मादक पदार्थों के परिवहन, बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की निगरानी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। अधिकारियों ने दोनों राज्यों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान, संयुक्त कार्रवाई और बेहतर समन्वय के माध्यम से अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने पर सहमति व्यक्त की।
इसके साथ ही Safe Click 2.0 अभियान के तहत साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। आमजन को फर्जी कॉल, OTP, QR कोड स्कैम, संदिग्ध लिंक एवं ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने साझा संदेश दिया—
“सीमा अलग, सुरक्षा संकल्प एक।”
— अपना विचार समाचार, सिंगरौली



