सिंगरौली जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री ने किया जन विश्वास पोर्टल का शुभारंभ
सिंगरौली जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कमिश्नर और कलेक्टरों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
अपना विचार सिंगरौली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के कमिश्नर्स एवं कलेक्टर्स को मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक राज्य स्तर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित किया जाएगा। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने जन विश्वास पोर्टल का शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से होगी। उन्होंने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि अभियान के निर्धारित बिंदुओं के अनुसार तिथिवार कार्यक्रम तैयार कर आयोजन सुनिश्चित करें। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा समाज के सभी वर्गों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी कमिश्नरों को देने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए।
नदियों के घाटों की होगी साफ-सफाई, जलेंगे दीप
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान प्रदेश की प्रमुख नदियों के घाटों की साफ-सफाई के साथ दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों द्वारा अपने घरों में आशीर्वाद के दीपक जलाए जाएंगे। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, नदी घाटों और विकास के प्रतीकों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जिले की उपलब्धियों, महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों और प्रमुख परियोजनाओं से आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक रूप से प्रचारित किया जाए। योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद कर उनके फोटो एवं वीडियो बाइट भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा किए जाएंगे।
विद्यार्थियों के बीच होंगी भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिताएं
अभियान के दौरान विद्यार्थियों के बीच भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। श्रेष्ठ पेंटिंग्स की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। संस्कृति विभाग द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शासन की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी सरल भाषा में आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
गांधी जयंती के अवसर पर सभी जिला मुख्यालयों में नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक मनाया जाएगा ‘आंगन का उत्सव’
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बताया गया कि प्रदेश के प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें बच्चों और महिलाओं से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान तथा महिलाओं के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
जनसंपर्क विभाग द्वारा सोशल, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से विकास योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए बदलाव की कहानियां प्रस्तुत की जाएंगी। बांध, नहर, हाईवे, अस्पताल, औद्योगिक संस्थान और एयरपोर्ट जैसे बड़े विकास कार्यों से जनजीवन में हुए सकारात्मक परिवर्तन को भी प्रचारित किया जाएगा।
निकलेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’
अभियान के दौरान निर्धारित मार्ग पर सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। विशाल रंगोली, मानव रंगोली सहित विभिन्न माध्यमों से प्रदेश के विकास की गाथा आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
अभियान के समापन अवसर पर 17 अक्टूबर को पंचायत से संसद तक के जनसेवकों का महाकुंभ दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अभियान से संबंधित विस्तृत निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट के एनआईसी केंद्र से अधिकारी हुए शामिल
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सिंगरौली कलेक्ट्रेट के एनआईसी केंद्र से कलेक्टर गौरव बैनल, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, कार्यपालन यंत्री पीएचई टीएस बरकड़े सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



