दो दिवसीय कंपोजिट कार्यशाला (RAMP योजना) का प्रथम दिवस सफलतापूर्वक संपन्न

दो दिवसीय कंपोजिट कार्यशाला (दो दिवसीय कंपोजिट कार्यशाला (RAMP योजना) का प्रथम दिवस सफलतापूर्वक संपन्न
सिंगरौली। भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) तथा विश्व बैंक समर्थित RAMP योजना के अंतर्गत मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड (MPLUN) द्वारा होटल सत्य इंटरनेशनल, बैढ़न में आयोजित दो दिवसीय कंपोजिट कार्यशाला के प्रथम दिवस का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य जिले के उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों एवं इच्छुक युवाओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं, वित्तीय सहायता तथा उद्यम स्थापना से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री राम निवास शाह ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा उद्योग और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक जनहितकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उद्यम स्थापित होने से न केवल व्यक्ति की आय बढ़ती है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होते हैं। उन्होंने किसानों से फूड प्रोसेसिंग सहित अन्य क्षेत्रों में उद्यम स्थापित कर आय बढ़ाने का आह्वान किया तथा स्वयं सहायता समूहों को भी सरकारी योजनाओं से जुड़कर आगे बढ़ने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि बैंक ऋण प्राप्त करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया एवं आवश्यक औपचारिकताओं का समय पर पालन करना आवश्यक है। RAMP योजना के अंतर्गत आयोजित ऐसी कार्यशालाएं उद्यमियों को योजनाओं एवं प्रक्रियाओं की जानकारी देने में अत्यंत उपयोगी हैं तथा इनका नियमित आयोजन होना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में MSME क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष श्री सुंदर लाल शाह ने कहा कि जिले में 10,000 से अधिक स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं, जिन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता मिल रही है। उन्होंने सभी उद्यमों का उद्यम पंजीकरण (Udyam Registration) कराने पर जोर देते हुए कहा कि इससे वे MSME मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार गांव-गांव तक होना चाहिए।
कार्यशाला के प्रथम दिवस में विशेषज्ञों द्वारा RAMP योजना, मध्यप्रदेश MSME विकास नीति-2025, मध्यप्रदेश स्टार्टअप नीति-2025, भूमि आवंटन नियम, GeM पोर्टल, वित्तीय जागरूकता, बैंकिंग एवं ऋण योजनाएं, SHG Formalization, ONDC ऑनबोर्डिंग, IPR एवं GI टैगिंग सहित विभिन्न विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। द्वितीय दिवस में ZED Certification, BIS, ESG-RECP तथा वित्तीय जागरूकता जैसे विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में RAMP हेल्प डेस्क पर श्री ज्ञानेंद्र वर्मा, MSME पॉलिसी पर श्री प्रशांत पांडे, GeM पोर्टल पर श्री मुजम्मिल कुरेशी, बैंकिंग एवं ऋण योजनाओं पर एलडीएम श्री रंजीत कुमार, ONDC पर श्री धनराज, SHG उद्यम पंजीकरण पर श्री आनंद रैकवार, IPR पर श्री प्रवीण जैन तथा जिला रोजगार कार्यालय से श्री संजीव सिंह ने प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर डिक्की (DICCI) के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर इंजी. विद्या भूषण, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ युवा व्यवसायी सीताराम वर्मा, नरेश शाह, गिरीश द्विवेदी, डिक्की ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सूरज साकेत, राजेश साकेत ,गिरिजा पांडे, पूनम गुप्ता, अनिल शाह, अर्जुन शाह सहित जिले के अनेक उद्यमी एवं इच्छुक युवा उपस्थित रहे।



