खाद, फ्लाईऐश परिवहन और अवैध खनन पर कड़ी निगरानी के निर्देश — कलेक्टर गौरव बैनल

खाद, फ्लाईऐश परिवहन और अवैध खनन पर कड़ी निगरानी के निर्देश — कलेक्टर गौरव बैनल
समय-सीमा बैठक में विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की हुई समीक्षा
सिंगरौली, 20 जुलाई 2026।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने जिले में खाद की उपलब्धता, फ्लाईऐश परिवहन, अवैध खनन सहित विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अपने क्षेत्रों के डबल लॉक उर्वरक गोदामों का नियमित एवं औचक निरीक्षण कर खाद की उपलब्धता पर सतत निगरानी रखने को कहा। उन्होंने खाद एवं बीज के नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने उप संचालक खनिज, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं जिला परिवहन अधिकारी को संयुक्त टीम बनाकर फ्लाईऐश परिवहन करने वाले वाहनों की औचक जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर जब्ती एवं जुर्माने की कार्रवाई की जाए। साथ ही खदानों का निरीक्षण कर व्हील वॉशिंग सेंटर की व्यवस्था एवं फ्लाईऐश डंप साइटों के प्रबंधन की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
अवैध रेत खनन पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने अवैध रेत खनन एवं भंडारण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
वृक्षारोपण अभियान को गति देने के निर्देश
ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने सप्ताह में दो दिन वृक्षारोपण के लिए निर्धारित करने और लगाए गए पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा।
राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारे के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा विशेष अभियान चलाकर नक्शा सुधार कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वनाधिकार दावों के पुनः परीक्षण एवं आपत्तियों के समयबद्ध निराकरण के भी निर्देश दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण के निर्देश
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने 50 एवं 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा।
बैठक में अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर प्रशांत त्रिपाठी, सभी एसडीएम, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
— अपना विचार, सिंगरौली
सत्य, निर्भीक, निष्पक्ष खबर



