खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: 32 टन अवैध कोयला जब्त
एनसीएल निगाही परियोजना के समीप संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, पुलिस थाना मोरवा में रखा गया कोयला

खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: 32 टन अवैध कोयला जब्त
एनसीएल निगाही परियोजना के समीप संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, पुलिस थाना मोरवा में रखा गया कोयला
सिंगरौली, 20 जुलाई 2026।
जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 32 टन अवैध रूप से भंडारित कोयला जब्त किया है।
कलेक्टर श्री गौरव बैनल के निर्देश एवं खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में खनिज विभाग, वन विभाग एवं एनसीएल सुरक्षा दल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
सहायक खनिज अधिकारी श्री रामसुशील चौरसिया के नेतृत्व में 20 जुलाई 2026 को संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एनसीएल निगाही परियोजना खदान के समीप रेलवे लाइन से लगभग 200 मीटर की दूरी पर बड़ी मात्रा में कोयला अवैध रूप से भंडारित पाया गया।
मौके पर मिले करीब 32 टन कोयले के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या स्वामित्व प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया। संयुक्त दल ने कार्रवाई करते हुए कोयले को जब्त कर नियमानुसार सुरक्षा के लिए पुलिस थाना मोरवा में रखवाया।
खनिज विभाग द्वारा जब्ती पंचनामा तैयार कर आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी कर ली गई है। प्रकरण में मध्यप्रदेश खनिज नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध खनिज गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
— अपना विचार, सिंगरौली
सत्य, निर्भीक, निष्पक्ष खबर



