सरई चौरा टोला में निःशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ, 40 बच्चों ने कराया प्रवेश

सरई चौरा टोला में निःशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ, 40 बच्चों ने कराया प्रवेश
सिंगरौली/ सरई अपना विचार समाचार
शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल करते हुए युवा समाज सेवा संगठन समिति (रजि.) ने ग्राम सरई चौरा टोला में कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के लिए निःशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया है। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।
कोचिंग सेंटर के शुभारंभ के साथ ही 40 बच्चों का नामांकन किया जा चुका है और बच्चों की नियमित कक्षाएं प्रारंभ हो गई हैं। समिति द्वारा विद्यार्थियों को केवल निःशुल्क शिक्षा ही नहीं, बल्कि कॉपी, पेन तथा अन्य आवश्यक अध्ययन सामग्री भी बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई जा रही है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कई प्रतिभाशाली बच्चे आर्थिक अभाव के कारण अतिरिक्त शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। इसी स्थिति को देखते हुए यह पहल शुरू की गई है, ताकि कोई भी बच्चा केवल आर्थिक कारणों से शिक्षा से दूर न रहे।
इस अवसर पर समिति के संस्थापक ने क्षेत्र के अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से इस निःशुल्क कोचिंग सेंटर में भेजें और उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि “शिक्षित बच्चा – सशक्त समाज” के संकल्प के साथ समिति भविष्य में भी शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाती रहेगी।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस प्रकार के प्रयास शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



