बच्चों के प्रदर्शन से हरकत में आया प्रशासन! गया में SDM ने छात्रों के साथ बैठकर खाया मिड-डे मील
गया (बिहार) | अपना विचार समाचार वेब डेस्क
बिहार के गया जिले में स्कूली छात्रों की आवाज़ का असर देखने को मिला है। टिकारी प्रखंड के मध्य विद्यालय, सिमुआरा में मिड-डे मील की गुणवत्ता और स्कूल की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर छात्रों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों 40 से अधिक छात्र-छात्राओं ने एसडीओ कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर मिड-डे मील की खराब गुणवत्ता, शौचालयों की बदहाली, पेयजल संकट और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग उठाई थी।
शुक्रवार को एसडीएम कुंदन प्रवीण ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ बीडीओ, पंचायत प्रतिनिधि तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान एसडीएम बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर मिड-डे मील खाया और भोजन की गुणवत्ता का स्वयं परीक्षण किया।

छात्रों ने अधिकारियों को बताया कि प्रदर्शन के बाद भोजन की गुणवत्ता में पहले की तुलना में सुधार हुआ है। इस पर एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शौचालय, पेयजल, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। एसडीएम ने प्रधानाध्यापक को शनिवार तक सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए और समय सीमा में सुधार नहीं होने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया है। उनका कहना है कि यदि समस्याओं का स्थायी समाधान होता है तो विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण और बच्चों का भविष्य दोनों बेहतर होंगे।
अपना विचार: यह घटना बताती है कि जब छात्र अपनी समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से उठाते हैं और प्रशासन संवेदनशीलता के साथ प्रतिक्रिया देता है, तो व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव संभव है। बच्चों के अधिकारों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर ऐसी तत्परता अन्य स्थानों पर भी दिखाई देनी चाहिए।



