नगर निगम आयुक्त ने विभागीय कार्यों की समीक्षा, 15 दिन में वृक्षारोपण लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों, हर घर तिरंगा अभियान, पीएम स्वनिधि, पेयजल गुणवत्ता और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर हुई विस्तृत समीक्षा

अपना विचार समाचार
सिंगरौली। नगर निगम सिंगरौली की आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने सोमवार को निगम कार्यालय में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का आकलन किया। बैठक में उन्होंने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आयुक्त ने वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आगामी 15 दिनों के भीतर निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही रोपे गए पौधों का विवरण समय पर संबंधित पोर्टल पर दर्ज करने तथा उनके नियमित संरक्षण एवं रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि पौधों का अधिकतम जीवित रहना सुनिश्चित हो सके।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने 50 और 100 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा सभी प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए।
नगर क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सभी वार्डों से नियमित रूप से जल के नमूने लेकर उनकी जांच कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया।
बैठक में आगामी हर घर तिरंगा अभियान एवं स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने और अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों से अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त कर उनके प्रकरण शीघ्र तैयार कर बैंकों को भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिकाधिक लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल सके।
इसके अलावा नगर क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति का सर्वे कराने के लिए सभी उपयंत्रियों को निर्देशित किया गया, जिससे आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में उपायुक्त आर.पी. बैस, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी, सहायक यंत्री, उपयंत्री एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



