स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में होगा मुख्य आयोजन
कलेक्टर गौरव बैनल ने अधिकारियों को दिए निर्देश, बारिश की संभावना को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करने पर जोर

अपना विचार समाचार
सिंगरौली। आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने बताया कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम, बैढ़न में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने मंच, समारोह स्थल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षा की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में राष्ट्रीय ध्वज, ध्वजारोहण की तैयारियां तथा गुब्बारों की व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई। इसके अलावा अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के लिए नेम प्लेट सहित सुव्यवस्थित बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने स्कूली विद्यार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था एवं समारोह के दौरान मिष्ठान वितरण की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने समारोह के आमंत्रण पत्रों की छपाई एवं वितरण समय-सीमा में पूरा कर जनप्रतिनिधियों एवं विशिष्ट अतिथियों तक समय पर आमंत्रण पहुंचाने को कहा। साथ ही 14 एवं 15 अगस्त की रात्रि जिले के सभी शासकीय कार्यालयों एवं प्रमुख भवनों पर आकर्षक विद्युत सज्जा (रोशनी) कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, संयुक्त कलेक्टर प्रशांत त्रिपाठी एवं अमित बम्हरौलिया, एसडीएम सिंगरौली सुरेश जाधव, एसडीएम देवसर सौरभ मिश्रा, एसडीएम माड़ा नंदन तिवारी, एसडीएम चितरंगी देवेंद्र द्विवेदी, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास जितेंद्र गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



