भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के खिलाफ निकाली रैली, 30 दिन में मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
सरई व्यापारी युवा संघ का हल्ला बोल

*सरई व्यापारी युवा संघ का हल्ला बोल*
भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के खिलाफ निकाली रैली, 30 दिन में मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
*सिंगरौली।* नगर परिषद सरई में व्याप्त भ्रष्टाचार, अधूरी विकास योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं की घोर लापरवाही के विरोध में मंगलवार को सरई व्यापारी युवा संघ के बैनर तले सैकड़ों युवाओं ने उत्तरा मैदान से रैली निकालकर सरई बाजार रेलवे तिराहा होते हुए नगर परिषद कार्यालय तक नारेबाजी की। कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने CMO को 8 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। युवाओं का आरोप है कि नगर परिषद में नाली, सड़क, साफ-सफाई, सब्जी मंडी और सार्वजनिक शौचालय जैसी व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमराई हुई हैं। वार्ड 13 की मुख्य बाजार सड़क, सभी वार्डों की लंबित स्ट्रीट लाइट, अधूरी नल-जल योजना और पेवर ब्लॉक निर्माण के काम वर्षों से लटके हैं। सबसे गंभीर आरोप यह लगाया गया कि सफाई कर्मचारियों से सरकारी काम के बजाय निजी घरों का काम करवाया जा रहा है जबकि उनका वेतन नगर परिषद से दिया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मुख्य बाजार में स्थायी ऑटो स्टैंड बनाया जाए, सड़क किनारे लगने वाली मांस-मछली की दुकानों को निर्धारित स्थान पर शिफ्ट किया जाए और 108 एंबुलेंस सेवा को पर्याप्त किया जाए। युवा व्यापारी संघ ने चेतावनी दी कि यदि 30 दिवस के भीतर इन मांगों पर ठोस कार्यवाही नहीं हुई तो नगर परिषद कार्यालय के सामने उग्र आंदोलन किया जाएगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।



