नगर निगम सिंगरौली में कार्य विभाजन का नया आदेश जारी, कर्मचारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव
अपना विचार समाचार
सिंगरौली, 4 अगस्त। नगर पालिक निगम सिंगरौली के आयुक्त द्वारा कार्यालयीन कार्य व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से नया कार्य विभाजन आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के अनुसार सहायक वर्ग, प्रभारी सहायक वर्ग, उपयंत्री एवं प्रभारी उपयंत्रियों के बीच विभिन्न वार्डों एवं विभागीय कार्यों का पुनः आवंटन किया गया है।

आदेश के तहत नगर निगम के विभिन्न अधिकारियों और कर्मचारियों को वार्डवार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। साथ ही स्वच्छता, जलप्रदाय, उद्यान, प्रधानमंत्री आवास योजना, भवन शाखा, स्टोर, वाहन, सीवरेज तथा अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक कार्यों का भी पुनर्विभाजन किया गया है, ताकि नगर निगम के कार्यों में समन्वय और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था प्रशासनिक आवश्यकता के अनुरूप लागू की गई है और आदेश तत्काल प्रभाव से प्रभावशील होगा।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि नई कार्य व्यवस्था से शहर की सफाई, जलापूर्ति, विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं में कितना सुधार देखने को मिलता है।



