बैढ़न जिला न्यायालय के सामने मुख्य सड़क पर गहरा गड्ढा, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

बैढ़न जिला न्यायालय के सामने मुख्य सड़क पर गहरा गड्ढा, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
अपना विचार समाचार सिंगरौली (बैढ़न)। जिला न्यायालय बैढ़न के मुख्य प्रवेश मार्ग के सामने मुख्य सड़क पर बना लगभग एक फीट गहरा गड्ढा लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन गया है। प्रतिदिन इस मार्ग से न्यायाधीश, अधिवक्ता, न्यायालय कर्मचारी, वादकारी तथा सैकड़ों नागरिकों का आवागमन होता है, लेकिन सड़क पर बने इस गड्ढे की अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है।
बारिश के दौरान गड्ढे में पानी भर जाने से इसकी गहराई दिखाई नहीं देती, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और चारपहिया वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है। व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्थानीय नागरिकों एवं अधिवक्ताओं ने संबंधित विभाग से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस गड्ढे की तत्काल मरम्मत कराई जाए। लोगों का कहना है कि किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि आमजन सुरक्षित रह सकें।
— अपना विचार समाचार, सिंगरौली



