महापौर रानी अग्रवाल का विद्युत विभाग पर सख्त रुख, बंद स्ट्रीट लाइटें तत्काल सुधारने के निर्देश
नई प्रकाश व्यवस्था के लिए एस्टीमेट तैयार करने, वार्डवार सर्वे और नियमित मॉनिटरिंग के दिए निर्देश

महापौर रानी अग्रवाल का विद्युत विभाग पर सख्त
अपना विचार सिंगरौली, 3 जुलाई 2026। नगर पालिक निगम सिंगरौली की महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विद्युत विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने वार्डवार स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए बंद पड़ी लाइटों पर नाराजगी जताई और उन्हें तत्काल सुधारने के सख्त निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि मुख्य मार्गों, प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और आवासीय कॉलोनियों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नागरिकों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बंद स्ट्रीट लाइटों को बदलने एवं सुधारने के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में शहर की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विद्युत अधोसंरचना के विस्तार पर भी चर्चा की गई। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में नई केबल बिछाने, जर्जर तार बदलने, नए विद्युत खंभे स्थापित करने, अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें या हाईमास्ट लगाने की आवश्यकता है, वहां तत्काल भौतिक सत्यापन कर प्राथमिकता के आधार पर नए प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार किए जाएं, ताकि विकास कार्यों को शीघ्र गति मिल सके।
महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे केवल कार्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से वार्डों का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का निरीक्षण करें। साथ ही उन्होंने प्रकाश व्यवस्था से संबंधित नागरिकों की शिकायतों के त्वरित एवं स्थायी निराकरण के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी सहित विद्युत विभाग के संबंधित उपयंत्री एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



